रांची:
रांची में करमटोली से साइंस सिटी तक 351.14 करोड़ रुपये की लागत से 3.261 किमी लंबा फ्लाईओवर बनेगा। परियोजना का उद्देश्य राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक के दबाव को कम करना और लोगों को जाम से राहत दिलाना है। झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभबाग ने इस परियोजना के लिए 351 करोड़ 14 लाख 44 हजार 800 रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी है। इस फ्लाईओवर के बनने से करमटोली से साइंस सिटी तक सफर काफी आसान हो जाएगा।

2 चरणों में पूरी की जाएगी परियोजना
परियोजना के तहत केवल फ्लाईओवर का निर्माण ही नहीं होगा, बल्कि सड़क के सौंदर्यीकरण पर भभी ध्यान दिया जाएगा। इसमें भू-अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग, वनरोपण और लैंडस्केपिंग जैसे काम शामिल हैं। यह योजना 2 चरणों में पूरी की जाएगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 में परियोजना का 60 फीसदी काम पूरा किया जाएगा, वहीं बाकी का 40 फीसदी काम वित्तीय वर्ष 2027-28 में पूरा होगा। पहले चरण में 210.68 करोड़ रुपये का खर्च आएगा, जबकि दूसरे चरण में 140.45 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस परियोजना का जिम्मा झारखंड राज्य राजमार्ग प्राधिकरण को मिला है। कैबिनेट की मंजूरी इस परियोजना को मिल चुकी है। निर्माण का रास्ता साफ हो चुका है।

फ्लाईओवर बनने से ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
गौरतलब है कि रांची के कई इलाकों में फ्लाईओवर का निर्माण हो चुका है। सिरमटोली और कडरू फ्लाईओवर के बनने से लोगों को काफी राहत मिली है। गौरतलब है कि शहर की आबादी बढ़ रही है। वाहनों का दबाव बढ़ा है, जिसकी वजह से अक्सर जाम लगता है। फ्लाईओवर की जरूरत महसूस की जा रही थी। सिरमटोली से साइंस सिटी के बीच फ्लाईओवर के निर्माण से लोगों को काफी राहत मिलेगी।