द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ जिले में सरकारी राशन का लाभ गलत तरीके से उठाने वाले 872 लोगों की पहचान की गई है। विभाग ने इन सभी को ब्याज सहित राशन की पूरी कीमत वापस करने का निर्देश दिया है। इस मामले में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी संबंधित लाभुकों को नोटिस जारी करने का आदेश दे दिया है। जांच में पता चला है कि न सिर्फ ग्रामीण, बल्कि शहरी क्षेत्रों में भी कई ऐसे लोगों ने लाल कार्ड बनवाकर सरकारी अनाज लिया है, जो इसकी पात्रता पूरी नहीं करते। इनमें जीएसटी और इनकम टैक्स देने वाले, चार पहिया वाहन मालिक, सीएसपी संचालक सहित अन्य सक्षम लोग शामिल हैं। विभाग ने कहा कि इन लोगों ने गलत जानकारी देकर लाल कार्ड हासिल किया और सरकारी अनाज ले रहे थे। सरकार से मिले निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। डीसी मनीष कुमार ने इसको लेकर उच्च स्तरीय बैठक कर निर्देश जारी किए हैं। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को सभी अपात्र कार्डधारियों को नोटिस भेजने का आदेश दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नोटिस के बाद विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
