गढ़वा
गढ़वा सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन यात्री से लूट की योजना बना रहे सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. सभी अपराधी शहर के सरस्वतीया नदी पुल के पास एकत्र होकर लूट की साजिश रच रहे थे. पुलिस को इसकी भनक लगते ही छापेमारी कर सभी को धर दबोचा गया. गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार, जिंदा गोलियां, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी बरामद किए गए हैं.

जेल से निकल ज्ञान प्रकाश तिवारी ने लूट की बनाई योजना
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गढ़वा को सूचना मिली थी कि जेल से बाहर आया कुख्यात अपराधी ज्ञान प्रकाश तिवारी उर्फ राजन तिवारी अपने सहयोगियों के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार, पुलिस उपाधीक्षक चिरंजीव कुमार मंडल, गढ़वा थाना प्रभारी तथा अन्य पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र जवानों की एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. गठित टीम ने नगवां मोहल्ला स्थित सरस्वतीया नदी किनारे एक अर्धनिर्मित मकान में छापेमारी कर सात अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में ज्ञान प्रकाश तिवारी उर्फ राजन तिवारी, प्रिंस कुमार, आकाश कुमार दुबे, पवन कुमार चंद्रवंशी, इनायत सिद्दीकी उर्फ ढिबरी, वैभव केशरी और संतोष सोनी शामिल हैं.
देसी कट्टा, जिंदा गोलियां, मोबाइल और बाइक बरामद
पुलिस ने इनके पास से चार देसी कट्टा, KF 8 एमएम की चार जिंदा गोलियां, छह मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद किए हैं. पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि वे ट्रेन से उतरने वाले किसी यात्री को लूटने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उनकी साजिश विफल हो गई.
