द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले में शुक्रवार रात आए तेज तूफान के दौरान झारखंड-बिहार बॉर्डर स्थित मिर्जाचौकी–मंडरो मुख्य सड़क पर भगैया भगतटोली के पास एक विशाल ताड़ का पेड़ गिर गया। बताया जा रहा है कि यह पेड़ करीब 50 से 60 फीट लंबा था, जिसके गिरने से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। इसी दौरान मिर्जाचौकी की ओर जा रहा एक हाईवा (वाहन संख्या BR 06 GG 7099) तेज गति के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले को पार करते हुए एक घर से जा टकराया। इस दुर्घटना में घर को काफी नुकसान पहुंचा, हालांकि आसपास के लोग और घर के सामने खड़ी गाड़ियां सुरक्षित बच गईं। ग्रामीणों, जिनमें मोनू भगत सहित अन्य लोग शामिल हैं, ने बताया कि यदि स्थिति थोड़ी भी गंभीर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हाईवा के चालक और उपचालक भी इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद से ताड़ का पेड़ अब तक सड़क पर ही पड़ा हुआ है, जिससे राहगीरों को आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है। पेड़ गिरने से बिजली के तार भी टूट गए हैं, जिसके कारण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप है और लोगों को पानी समेत कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि 12 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली विभाग की ओर से न तो तार जोड़ा गया है और न ही आपूर्ति बहाल की गई है। बिहार-झारखंड सीमा क्षेत्र होने के कारण मामला उलझा हुआ है, जिससे न तो पेड़ हटाया जा सका है और न ही स्थिति सामान्य हो पाई है। इससे स्थानीय लोग और राहगीर काफी परेशान हैं।
