logo

चाईबासा में दर्दनाक सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत

ुोससब.jpg

द फॉलोअप डेस्क
चाईबासा के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत आचु गांव में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े लकड़ी लदे ट्रैक्टर से जा टकराई। जानकारी के अनुसार, चारों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जड़ी-बूटी की दवा बनवाने चीरु हाट गए थे। देर रात घर लौटने के दौरान आचु गांव के पास एक मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी युवक सड़क पर गिर पड़े।


हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तुरंत चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए निगरानी में रखा गया है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो सकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक पुलिस के पहुंचने से पहले ही अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। ट्रैक्टर पर लकड़ी लदी थी और वह बिना किसी चेतावनी संकेत के सड़क किनारे खड़ा था। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रैक्टर मालिक और फरार चालक की तलाश में जुटी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


हाटगम्हरिया में ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत
चाईबासा के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत केंदपोसी के पास सोमवार रात करीब 9:30 बजे ओवरटेक करने के प्रयास में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक खाली ट्रक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे लोडेड ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृत चालक की पहचान 47 वर्षीय संजय मोदक के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के तेवारी ढांगा, बेंकुड़ा का निवासी था। वहीं, घायल चालक अनिल प्रधान (29) ओडिशा का रहने वाला है, जिसे दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है। घायल को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि नो-एंट्री हटने के बाद दोनों ट्रक तेज रफ्तार में अपनी-अपनी दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान ओवरटेक करने के चक्कर में दोनों ट्रक आपस में टकरा गए।