गिरिडीह
गिरिडीह के लालोकोनी गांव में एक कुएं से दो नाबालिग लड़कियों का शौव मिला है. घटना शुक्रवार की है. मृतक लड़कियों की पहचान नगमा खातून और साहिन प्रवीण के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दोनों घर से शौच के लिए निकली थीं, लेकिन दोपहर करीब तीन बजे तक वापस नहीं लौटीं. इसके बाद परिजनों को चिंता हुई और ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू की गई. ऐसे में चार-पांच घंटे की तलाश के बाद घर से लगभग 400 मीटर दूर स्थित एक कुएं में दोनों के शव होने की सूचना मिली. घटना की जानकारी मिलते ही सरिया थाना प्रभारी पिंकू कुमार सिंह, जिला परिषद सदस्य अनूप पांडेय, मुखिया धानेश्वर साव और महानंद सिंह मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने जाल लगाकर शव निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. बाद में दो युवकों ने कुएं में उतरकर शवों को बाहर निकाला. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

बताया जाता है कि साहिन प्रवीण बागोडीह हाई स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा थी, जबकि नगमा खातून बागोडीह के ही एक निजी विद्यालय में कक्षा 10 की छात्रा थी. दोनों के पिता दैनिक मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. यह भी जानकारी मिली है कि नगमा की शादी तय हो चुकी थी और कुछ ही दिनों में उसका विवाह होने वाला था. फिलहाल, दोनों की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं. यह घटना हत्या है या आत्महत्या, इस पर स्थिति अभी साफ नहीं है. थाना प्रभारी पिंकू कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर ही मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी. घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है.
