logo

चतरा में 14 वर्षीय किशोरी 20 दिन से लापता, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

ुग््द.jpg

द फॉलोअप डेस्क
चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में गंगापुर गांव निवासी निर्मल राणा की 14 वर्षीय बेटी मुन्नी कुमारी उर्फ रानू कुमारी बीते 20 दिनों से लापता है। घटना 28 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, मुन्नी घर के पास दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गई थी और परिवार को उम्मीद थी कि वह शाम तक लौट आएगी। लेकिन देर रात तक घर न लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से आसपास के इलाकों, जंगलों और पहाड़ियों में लगातार दो दिनों तक खोजबीन की गई, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका।


परिजन आरोप लगा रहे हैं कि उन्होंने 31 दिसंबर को गिद्धौर थाना में मुन्नी की गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई, लेकिन शुरुआती 10 दिनों तक पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों का कहना है कि 10 जनवरी के बाद ही पुलिस हरकत में आई और तलाश अभियान शुरू किया गया। इस देरी को लेकर ग्रामीण और परिजन आक्रोशित हैं और उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती तो शायद अब तक मुन्नी का सुराग मिल गया होता। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ड्रोन कैमरों से इलाके की निगरानी की जा रही है, और कई टीमों को अलग-अलग स्थानों पर भेजा गया है। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।


मुन्नी के पिता निर्मल राणा और उनकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में सन्नाटा पसरा हुआ है और पूरा गांव इस घटना से सहमा हुआ है। परिजन प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं कि उनकी बेटी को जल्द से जल्द सुरक्षित ढूंढा जाए। उन्हें आशंका है कि कहीं किसी गिरोह का हाथ तो नहीं, जैसा हाल ही में रांची में सामने आया था।