रांची
अंतर्राष्ट्रीय बॉलीवुड फिल्म “मुर्गा ट्रॉफी” की टीम ने आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान झारखंड में फिल्म निर्माण की संभावनाओं, सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। फिल्म मुर्गा ट्रॉफी के निर्देशक शशि वर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि झारखंड की प्राकृतिक लोकेशन, सांस्कृतिक विविधता और स्थानीय प्रतिभा फिल्म निर्माण के लिए बेहद अनुकूल है। उन्होंने राज्य में शूटिंग और प्रोडक्शन से जुड़ी संभावनाओं पर भी अपने विचार साझा किए।
मुलाकात के दौरान मुर्गा ट्रॉफी फिल्म के प्रोड्यूसर सुजीत उपाध्याय, चंदन आनंद, विजया लक्ष्मी और को-प्रोड्यूसर जयराम महतो भी मौजूद रहे। फिल्म टीम ने झारखंड सरकार द्वारा फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड को फिल्म फ्रेंडली डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फिल्म निर्माताओं को यहां बेहतर माहौल और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि स्थानीय युवाओं को भी रोजगार और पहचान मिल सके।
इस मुलाकात को झारखंड में सिनेमा और रचनात्मक उद्योगों के विस्तार की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
