द फॉलोअप, धनबाद
धनबाद के लोयाबाद क्षेत्र में कनकनी हनुमान बाजार स्थित बंद पड़े हिलटाप आउटसोर्सिंग कंपनी के कार्यालय के समीप अचानक तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई, जिसके बाद वहां से गैस का रिसाव शुरू हो गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में आ गए। बताया जा रहा है कि जमीन धंसने के कारण करीब 20 से 25 फीट के दायरे में बड़ा गोफ बन गया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

कोलियरी प्रबंधन ने की भराई
घटना की सूचना मिलते ही कोलियरी प्रबंधन तुरंत हरकत में आया और प्रभावित स्थल को मिट्टी से भराई कराकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि गैस रिसाव को लेकर लोगों में अब भी डर बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों से जमीन धीरे-धीरे धंस रही थी, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद इस घटना को टाला जा सकता था।

श्रमिक कॉलोनियों के पास बढ़ा खतरा
जहां जमीन धंसी है, उसके पास ही श्रमिक कॉलोनियां स्थित हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। यह इलाका पहले से ही भू-धंसान और अग्नि प्रभावित माना जाता है, ऐसे में इस तरह की घटनाएं यहां रहने वाले लोगों के लिए लगातार खतरे की घंटी बन रही हैं।