logo

रंगदारी को लेकर फायरिंग, कांग्रेस नेता के बेटे को लगी गोली; हालत नाजुक

FIRING1814.jpg

द फॉलोअप डेस्क

जमशेदपुर के कपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कपाली टीओपी चौक के पास एशियन स्कूल के समीप शनिवार देर रात फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, हैदर फैक्ट्री के पास कुछ युवकों ने तीन लोगों पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया, जिसमें ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-21 निवासी ज़ैद खान उर्फ प्रिंस सिद्दीकी को पेट के पास गोली लगने से वह गंभीर रूप घायल हो गया। घायल प्रिंस के पिता सिद्दीकी खान कांग्रेस नेता और कारोबारी है। घटना देर रात तकरीबन 10.30 से 11 बजे के आसपास की बतायी जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल प्रिंस को टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां उसका इलाज किया जा रहा है। अभी प्रिंस की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

इधर, मामले की सूचना पर कपाली ओपी थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची और इलाके के सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुट गई। जिसके बाद टीएमएच अस्पताल पहुंचकर प्रत्यक्षदर्शियों से पूरे मामले की जानकारी ली। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। 

घटना के संबंध में प्रिंस सिद्दीकी की चाची रूबी बीबी ने बताया कि शाहिद, इरफान, अफरीदी, सूरज, कैफ बच्चा समेत कुछ अन्य युवक रंगदारी को लेकर उनकी बेटी से फोन पर विवाद कर रहे थे। पहले साजिद नमक युवक ने बेटी को फोन किया, फिर बात दामाद तक पहुंची। इसी दौरान जब रूबी बीबी ने आरोपी से बात की तो, साजिद ने अपने भाई इरफान को फोन दे दिया। इरफान ने नशाखोरी के लिए रंगदारी की मांग की। जब रंगदारी देने से इंकार किया तो 13 नंबर रोड, जहां रूबी बीबी का घर है। वहां आने पर देख लेने की बात कही। 

मिली जानकारी के अनुसार ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 1 पर रूबी अपने बहन के घर के पार्टी समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रही थी। तीन अलग-अलग दो पहिया वाहन पर रूबी बीबी, उनकी बेटी और भतीजा प्रिंस जा रहे थे। इसी बीच हैदर फैक्ट्री के पास पहुंचने पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। रूबी बीबी के अनुसार, पहली गोली उनके ऊपर चलाई गई, लेकिन गाड़ी की स्पीड अधिक होने के कारण आरोपी का निशान चूक गया। इसके बाद दूसरी गोली उनकी बेटी पर चली, जिसमें वो भी बाल-बाल बच गई। लेकिन, तीसरी गोली चलने पर वो उनके भतीजे प्रिंस को जा लगी। जिसके बाद उसे स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में टीएमएच अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया। जहां उसकी स्थिति गंभीर है। 
दूसरी ओर घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फायरिंग में शामिल युवकों की पहचान शाहिद, इरफान अफरीदी, सूरज, जैफ बच्चा और अन्य के रूप में की जा रही है।

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand update jharkhand khabar jamshedpur news jamshedpur latest news jamshedpur khabar jamshedpur firing news