logo

रांची में युवा आजसू की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला, अप्रैल में होगा महाधिवेशन, सुदेश बोले- बेहतर झारखंड के लिए संघर्ष करना होगा

AJSU21.jpg

रांची
राजधानी रांची के हरमू स्थित केंद्रीय कार्यालय में रविवार को युवा आजसू की प्रदेश स्तरीय एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अप्रैल महीने में युवा आजसू का केंद्रीय महाधिवेशन आयोजित किया जाएगा, जिसकी तिथि जल्द घोषित की जाएगी। इसके साथ ही यह भी तय हुआ कि पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो राज्य के हर जिले में युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम करेंगे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि युवाओं को संगठित और सशक्त नेतृत्व देने के उद्देश्य से युवा आजसू का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से ऐसे कार्यकर्ताओं को तैयार किया जाएगा जो जवाबदेह होने के साथ-साथ वैचारिक रूप से भी मजबूत हों।


उन्होंने कहा कि झारखंड की अस्मिता और झारखंडी मूल्यों को स्थापित करने के लिए युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही राज्य में बेहतर झारखंड के निर्माण और सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष के लिए युवाओं को तैयार रहने की जरूरत है।
सुदेश महतो ने कहा कि युवा शक्ति ही समाज और राज्य के भविष्य को दिशा देती है, इसलिए राज्य के विकास और प्रगति के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर नेतृत्व संभालने का आह्वान भी किया।


कार्यक्रम में आजसू पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने भी कार्यशाला को संबोधित किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए युवाओं को सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव से लेकर शहर और प्रदेश स्तर तक झारखंडी भावनाओं का नेतृत्व करने के लिए युवाओं की मजबूत टीम तैयार की जाएगी।
इस मौके पर केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, हरीश कुमार, परवाज खान, टिकैत महतो, हीरालाल महतो, डॉ. पार्थ परितोष, इम्तियाज अहमद नज्मी, अब्दुल जब्बार, पीयूष चौधरी, गदाधर महतो, अमित महतो, अजीत सिंह, चेतन प्रकाश, आतिश महतो, उत्कर्ष महतो, बिशु रजवार, रोशन सेठ, अमित यादव और डॉ. अमित कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में युवा आजसू के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags - Yuva AJSU Sudesh Mahto Ranchi Workshop Youth Convention AJSU Party Jharkhand Politics Youth Leadership Political Training