logo

रांची में कल से होगा रणजी का रोमांच, JSCA स्टेडियम में होगा झारखंड–दिल्ली मैच

रांची में कल से होगा रणजी का रोमांच, JSCA स्टेडियम में होगा झारखंड–दिल्ली मैच

रांची: 
Ranji Trophy: रणजी ट्रॉफी के रोमांच के बीच रांची में क्रिकेट का बड़ा मुकाबला होने जा रहा है। एलीट ग्रुप-सी  (Elite Group-C) में झारखंड और दिल्ली की टीमें आमने-सामने होंगी। सोमवार, 26 अक्टूबर से जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम (JSCA International Stadium) में शुरू होने वाले इस चार दिवसीय मुकाबले में दोनों टीमों की नजरें बेहतर प्रदर्शन और अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने पर रहेंगी। झारखंड की कमान विराट सिंह (Virat Singh) के हाथों में होगी, जबकि दिल्ली की कप्तानी आयुष वडोनी (Ayush Badoni) करेंगे। घरेलू मैदान पर झारखंड के खिलाड़ियों के पास अपनी बल्लेबाजी (Batting) और गेंदबाजी (Bowling) का दम दिखाने का मौका होगा, वहीं दिल्ली की टीम भी कड़ी चुनौती पेश करने के इरादे से उतरेगी।

 

सुबह 9:30 बजे शुरू होगा मुकाबला
झारखंड और दिल्ली के बीच रणजी ट्रॉफी का यह मुकाबला रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच सोमवार सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। चार दिवसीय इस मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा। झारखंड की टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी।

विराट सिंह और आयुष वडोनी के हाथों में कप्तानी
इस मुकाबले में झारखंड की अगुवाई विराट सिंह करेंगे, जबकि दिल्ली की टीम का नेतृत्व आयुष वडोनी संभालेंगे। झारखंड की टीम में रॉबिन मिंज, अनुकूल रॉय और कौनैन कुरैशी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, दिल्ली की टीम में यश ढुल, नवदीप सैनी और सिमरजीत सिंह जैसे खिलाड़ियों पर नजर रहेगी। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच बल्लेबाजी और गेंदबाजी का संतुलन अहम भूमिका निभा सकता है।

झारखंड की टीम में किए गए दो अहम बदलाव
दिल्ली के खिलाफ मुकाबले से पहले झारखंड की टीम में दो बदलाव किए गए हैं। प्रमुख बल्लेबाज शिखर मोहन के इंडिया-ए टीम में चयन के कारण उनकी जगह बोकारो के 33 वर्षीय बल्लेबाज कुमार देवव्रत को टीम में शामिल किया गया है। देवव्रत ने जनवरी 2024 में अपना आखिरी प्रथम श्रेणी मुकाबला खेला था। कुमार देवव्रत के प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने 55 मैचों में 32.51 की औसत से 2,666 रन बनाए हैं। उनके नाम दो शतक और 14 अर्धशतक दर्ज हैं। वहीं, साहिल राज की जगह रांची के शुभ शर्मा को टीम में शामिल किया गया है। इन बदलावों के साथ झारखंड की टीम दिल्ली के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। विराट सिंह (कप्तान), आदित्य सिंह, जतिन पांडे, मनीषी सिंह, रॉबिन मिंज, शौरभ शेखर, कुमार देवव्रत, सुशांत मिश्रा, अनुकूल रॉय, कौनैन कुरैशी, प्रत्युष सिंह, शुभ शर्मा, शरणदीप सिंह भाटिया, श्रेष्ठ सागर और उत्कर्ष सिंह।
 

Tags - Jharkhand vs DelhiRanji Trophy 2026Virat SinghAyush BadoniJSCA Stadium Ranchi