logo

रांची : 5 महीने से फरार नामजद आरोपी शेख मजीद गिरफ्तार, 65 अवैध मवेशी तस्करी केस में कार्रवाई

पीठोरीय_केस.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

रांची जिले के पिठोरिया थाना का एक पुराना मामला सामने आया है, जिसमें करीब पाँच महीने से फरार चल रहे नामजद आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह मामला 22 अक्टूबर 2025 का है। पिठोरिया थाना में दर्ज कांड संख्या 125/25 के तहत पुलिस ने शेख मजीद (उम्र 32 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। वह ग्राम चंदवे, थाना पिठोरिया का निवासी है। थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे के नेतृत्व में लगातार छापेमारी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की गई। आखिरकार पुलिस को सफलता मिली और मुख्य आरोपी शेख मजीद को गिरफ्तार कर लिया गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे धर दबोचा। वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि दो कंटेनरों के जरिए मवेशियों की अवैध तस्करी की जा रही है और उन्हें बांग्लादेश भेजने की योजना बनाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद एक विशेष टीम गठित की गई और चंदवे चौक पर कार्रवाई करते हुए दो कंटेनरों से 65 मवेशियों को बरामद किया गया। इसी दौरान कुणाल केसरी नामक व्यक्ति अपने दैनिक कार्य से लौट रहे थे। जब वे चंदवे चौक के पास पहुंचे, तो वहां पहले से घात लगाए आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पीड़ित ने पिठोरिया थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। थाना प्रभारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। इस गिरफ्तारी से न केवल एक फरार आरोपी पुलिस के शिकंजे में आया है, बल्कि क्षेत्र में अपराधियों के बीच भय का माहौल भी बना है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।

Tags - Rural Crime NewsRanchi Crime NewsRanchi PoliceSheikh Majeed ArrestBangladesh Smuggling NetworkRanchi Latest News Latest News Jharkhand Jharkhand