logo

जामताड़ा में अनियंत्रित बाइक बिजली के खंभे से टकराई, राजमिस्त्री की मौत

जामताड़ा में अनियंत्रित बाइक बिजली के खंभे से टकराई, राजमिस्त्री की मौत

जामताड़ा:
Jamtara News:
जामताड़ा थाना क्षेत्र के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत गोपालपुर-अमला चातर रोड पर दूध कैबरा तालाब के पास मंगलवार शाम विजयादशमी के दिन एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 55 वर्षीय राजमिस्त्री सुधीर टुडू की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।

बाइक का संतुलन बिगड़ने से बिजली के खंभे से टकराए
जानकारी के अनुसार, दूध कैबरा गांव निवासी सुधीर टुडू सतशाल गांव में राजमिस्त्री का काम करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभे से जा टकराए। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, जामताड़ा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विजयादशमी के पावन पर्व पर हुई इस दुर्घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दो बेटियों और दो बेटों को छोड़ गए सुधीर टुडू
पंचायत के पूर्व मुखिया मनोज सोरेन ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने जानकारी दी कि मृतक सुधीर टुडू अपने पीछे दो बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं। वह राजमिस्त्री का काम कर अकेले ही अपने पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग
पूर्व मुखिया मनोज सोरेन ने जिला प्रशासन और सरकार से मांग की है कि इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि परिवार के सदस्यों को जीवनयापन करने में सहायता मिल सके।

Tags - जामताड़ा न्यूज़Jamtara Road Accidentसुधीर टुडूJharkhand NewsGopalpur Jamtara