logo

बोकारो में नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर अमित की हत्या, आरोपी सूरज गिरफ्तार

बोकारो में नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर अमित की हत्या, आरोपी सूरज गिरफ्तार

बोकारो:
Bokaro News:
माराफारी थाना क्षेत्र की झोपड़ी कॉलोनी स्थित डोमपाड़ा के नीचे खाली जगह पर मिले युवक के शव के मामले में बोकारो पुलिस ने बुधवार को हत्या की गुत्थी सुलझाने (Murder Case Solved) का दावा किया। पुलिस ने इस मामले में सूरज कुमार उर्फ भुरा (28) को गिरफ्तार किया है। मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार के अनुसार, नशा करने के लिए पैसे मांगने (Money Demand for Drugs) और पैसे नहीं मिलने पर हुए विवाद के दौरान अमित कुमार की हत्या की गई। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान (Evidence Recovered from Crime Scene) और तकनीकी साक्ष्यों (Technical Evidence) के आधार पर आरोपी की पहचान करने की बात कही है।

17 अक्टूबर की रात मिला था युवक का शव
इंस्पेक्टर संजय कुमार के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि डोमपाड़ा के नीचे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस संबंध में माराफारी थाना कांड संख्या 85/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।

घटनास्थल से गमछा, चप्पल और गंजी बरामद
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक गमछा, चप्पल और ‘हर-हर महादेव’ लिखा हुआ गंजी बरामद किया गया था। मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने इन सामानों की पहचान अपने सामान के रूप में की। पुलिस का दावा है कि वारदात के बाद भागने के दौरान आरोपी के ये सामान घटनास्थल पर छूट गए थे।

डॉग स्क्वॉड और तकनीकी साक्ष्यों से जांच
जांच के दौरान पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी मामले की पड़ताल की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मां और दोनों बहनों ने अपने बयान में बताया कि घटना की रात सूरज ‘हर-हर महादेव’ लिखा गंजी और लाल गमछा पहने हुए था। परिजनों के अनुसार, वह रात में घर नहीं लौटा था। सुबह जब वह वापस आया, तो उसके शरीर के ऊपरी हिस्से पर कोई कपड़ा नहीं था।

डनलप फेंकने के बहाने डोमपाड़ा गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी की बहन ने बताया कि घटना वाली रात सूरज डनलप (गद्दा) फेंकने के लिए डोमपाड़ा के नीचे की ओर गया था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। हालांकि, मामले में हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।

आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं दो मामले
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज कुमार उर्फ भुरा, निवासी बीएसएल झोपड़ी कॉलोनी, डोमपाड़ा, कृष्णा मंदिर के पास, थाना माराफारी, जिला बोकारो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ माराफारी थाने में पहले से दो मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2019 का कांड संख्या 73/2019 और वर्ष 2022 का कांड संख्या 97/2022 शामिल हैं।

पुलिस टीम में ये अधिकारी और जवान थे शामिल
इस कार्रवाई में माराफारी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार, बालीडीह ओपी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर आनंद आजाद, सब-इंस्पेक्टर सत्येंद्र पासवान, एएसआई अरविंद प्रसाद, एएसआई उमेश सिंह, एएसआई रमेश हसदा तथा आरक्षी कामेश्वर महतो, इलियास अंसारी, अबोध रजवार, सुरेंद्र मुर्मू और वासुदेव बावरी शामिल थे।

Tags - Bokaro CrimeMarafari ThanaAmit Kumar MurderJharkhand NewsPolice Arrest