द फॉलोअप डेस्क:
रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) की फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ (Ramayana Part 1) को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। यह फिल्म 5 नवंबर 2026 को दिवाली (Diwali) के मौके पर सिनेमाघरों (Theaters) में रिलीज (Release) होने वाली है। इसी बीच इसके दूसरे पार्ट ‘रामायण 2’ (Ramayana 2) की रिलीज को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। पहले ऐसी खबरें थीं कि फिल्म का सीक्वल दिवाली 2027 में रिलीज होगा, लेकिन अब बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसकी रिलीज दिवाली 2028 तक टल सकती है। हालांकि, मेकर्स की ओर से इस नई रिलीज डेट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अगर ऐसा होता है, तो पहले पार्ट के बाद दर्शकों को दूसरे भाग के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।

राम और रावण के युद्ध को भव्य बनाने की तैयारी
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘रामायण 2’ की शूटिंग और इसके बड़े एक्शन सीक्वेंस तैयार करने में उम्मीद से ज्यादा समय लग सकता है। फिल्म के पहले भाग में कहानी की पृष्ठभूमि और शुरुआती घटनाओं पर फोकस रहने की उम्मीद है, जबकि राम और रावण के बीच होने वाला महायुद्ध दूसरे भाग का प्रमुख आकर्षण होगा। निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा इस युद्ध को बड़े पैमाने पर पर्दे पर उतारना चाहते हैं। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि मेकर्स फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स और एक्शन पर खास ध्यान दे रहे हैं, ताकि दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का सिनेमाई अनुभव मिल सके। इसी वजह से फिल्म के निर्माण में अतिरिक्त समय लगने की बात सामने आ रही है।

थिएटर में मिल सकता है ‘रामायण 2’ की रिलीज डेट का संकेत
‘रामायण: पार्ट 1’ की रिलीज के साथ ही इसके सीक्वल को लेकर भी दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। रिपोर्ट्स में चर्चा है कि पहले भाग के पोस्ट-क्रेडिट सीन में ‘रामायण 2’ की नई रिलीज डेट का ऐलान किया जा सकता है, हालांकि इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पहला भाग 5 नवंबर 2026 को रिलीज होने के लिए निर्धारित है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा रवि दुबे, विवेक ओबेरॉय और रकुल प्रीत सिंह भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी एआर रहमान और हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार हैंस जिमर ने संभाली है। अब दर्शकों को फिल्म की रिलीज के साथ-साथ इसके दूसरे भाग की समयसीमा को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार रहेगा।