logo

Sholay Movie Gabbar : शोले के गब्बर अमजद खान असल जिंदगी में कैसे थे? जानिए अभिनेता की जिंदगी के अनसुने किस्से

शोले के गब्बर अमजद खान असल जिंदगी में कैसे थे? जानिए अभिनेता की जिंदगी के अनसुने किस्से

द फॉलोअप डेस्क: 

Amjad Khan Birth Anniversary: हाथ में बंदूक (Gun), चेहरे पर डर पैदा करने वाली मुस्कान और आवाज में ऐसा रौब कि अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाएं। फिल्म 'शोले' (Sholay) के गब्बर सिंह (Gabbar Singh) के रूप में अमजद खान (Amjad Khan) ने हिंदी सिनेमा में खलनायकी की एक अलग पहचान बनाई। उनका डायलॉग 'कितने आदमी थे?' आज भी दर्शकों की जुबान पर है। लेकिन पर्दे पर खौफ का दूसरा नाम बने अमजद खान असल जिंदगी में बिल्कुल अलग इंसान थे। उन्हें किताबें पढ़ने और थिएटर में दिलचस्पी थी। दोस्तों और साथी कलाकारों के बीच वह अपने हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। 12 नवंबर को उनकी बर्थ एनिवर्सरी पर आइए जानते हैं उस अभिनेता की कहानी, जिसने एक किरदार से हिंदी सिनेमा में अमिट छाप छोड़ दी।

11 साल की उम्र में शुरू किया एक्टिंग का सफर

अमजद खान का जन्म 12 नवंबर को अभिनेता जयंत के घर हुआ था। फिल्मी माहौल में पले-बढ़े अमजद ने महज 11 साल की उम्र में फिल्म 'नाजनीन' से बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अभिनय की दुनिया में कदम रख दिया था। बड़े होने पर उनका जुड़ाव थिएटर से हुआ। वह नाटकों में हिस्सा लेते थे और किरदारों को गहराई से समझने के लिए किताबें भी पढ़ते थे। 'शोले' में गब्बर सिंह का किरदार मिलने के पीछे भी एक दिलचस्प कहानी है। यह भूमिका पहले डैनी डेन्जोंगपा को ऑफर हुई थी, लेकिन दूसरे प्रोजेक्ट में व्यस्त होने के कारण उन्होंने फिल्म करने से इनकार कर दिया। इसके बाद निर्देशक रमेश सिप्पी ने थिएटर में अमजद खान का अभिनय देखने के बाद उन्हें इस भूमिका के लिए चुना। गब्बर के किरदार को प्रभावशाली बनाने के लिए अमजद ने चंबल के डाकुओं पर आधारित किताब 'अभिशप्त चंबल' भी पढ़ी। फिल्म रिलीज हुई तो उनका अंदाज, संवाद अदायगी और हंसी दर्शकों के बीच छा गई।

पर्दे के खलनायक की असल जिंदगी थी बिल्कुल अलग

गब्बर के रूप में दर्शकों को डराने वाले अमजद खान निजी जिंदगी में काफी हंसमुख थे। अमिताभ बच्चन के साथ उनकी अच्छी दोस्ती थी। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया। अमजद खान को चाय पीने का भी काफी शौक था। बताया जाता है कि वह एक दिन में करीब 30 कप चाय पी जाते थे। हालांकि, उनकी जिंदगी में 1976 में एक बड़ा हादसा हुआ। फिल्म 'द ग्रेट गैम्बलर' की शूटिंग के सिलसिले में मुंबई से गोवा जाते समय उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और लंबे समय तक इलाज कराना पड़ा। दुर्घटना के बाद उनकी सेहत पर असर पड़ा और वजन भी बढ़ गया। इसके बावजूद उन्होंने अभिनय जारी रखा। 'मुकद्दर का सिकंदर', 'याराना', 'लावारिस', 'परवरिश' और 'कुर्बानी' जैसी फिल्मों में उन्होंने यादगार भूमिकाएं निभाईं। सत्यजीत रे की 'शतरंज के खिलाड़ी' में नवाब वाजिद अली शाह और 'चमेली की शादी' में उनका अलग अंदाज देखने को मिला। 130 से ज्यादा फिल्मों में काम करने वाले अमजद खान का 27 जुलाई 1992 को 51 साल की उम्र में हार्ट फेलियर के कारण निधन हो गया। आज भी जब हिंदी सिनेमा के यादगार खलनायकों की बात होती है, तो गब्बर सिंह के रूप में अमजद खान का नाम सबसे पहले याद आता है।

Tags - Entertainment News Latest Entertainment News Amjad Khan Amjad Khan Biography Amjad Khan Birth Anniversary