द फॉलोअप डेस्क
बिहार की राजधानी पटना में बिते दिनों लगातार कभी हाईकोर्ट तो कभी सिविल कोर्ट सहित कई अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। यह धमकी ई-मेल के जरिए और मैसेज के जरिए दी गई थी। अब खबर आ रही है कि यह धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार हो गया है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने आरोपी को दिल्ली साइबर पुलिस ने कर्नाटक के मैसूर स्थित वृंदावन लेआउट से धर-दबोचा है। आरोपी का नाम श्रीनिवास लुईस बताया जा रहा है जिसकी उम्र 47 वर्ष है। आरोपी के पास से पुलिस को एक लैपटॉप और कई इलेक्ट्रॉनिक गैजेट भी मिले हैं। जांच में सामने आया है कि श्रीनिवास लुईस लॉ का छात्र रहा है, लेकिन फाइनल ईयर की परीक्षा पास नहीं कर सका और पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी। वह मैसूर में अपनी रिटायर्ड शिक्षक मां के साथ रहता था और फिलहाल बेरोजगार था। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि वह न्यायिक व्यवस्था से नाराज था और अदालतों की कार्यप्रणाली से चिढ़ के कारण इस तरह की धमकियां देता था।

बताया जा रहा है कि उसने दिल्ली हाईकोर्ट के एक जज को भी धमकी भरे ईमेल भेजे थे। पुलिसे के मुताबिक, आरोपी श्रीनिवास पर पटना समेत पूरे बिहार में करीब 50 मामले दर्ज हैं, जबकि देशभर में ईमेल के जरिए धमकी देने के 1100 से अधिक केस दर्ज बताए जा रहे हैं। वहीं सिटी एसपी दीक्षा ने बताया कि आरोपी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पटना पुलिस की टीम जल्द ही दिल्ली जाकर उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी। उसके खिलाफ धमकी देने, शांति भंग करने और आईटी एक्ट के तहत साइबर आतंकवाद से जुड़े मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की मानसिक स्थिति की भी जांच कराई जा रही है।