द फॉलोअप डेस्क:
बिहार की नई एनडीए सरकार 15 अप्रैल को शपथ लेगी। सोमवार को राज्यपाल के सचिव गोपाल मीणा ने लोकभवन में पटना के डीएम, एसएसपी, सिटी एसपी, एसडीएम और सदर अनुममंडल पदाधिकारी समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ हाईलेवल मीटिंग की। इस मीटिंग में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। लोकभवन की ओर से अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया है कि शपथ ग्रहण समारोह में वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर सुरक्षा की पुख्ता तैयारी होनी चाहिए।
इससे पहले गोपाल मीणा ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर जाकर भी उनसे मुलाकात की। दोनों के बीच 30 मिनट तक बातचीत हुई।
कल जेडीयू-बीजेपी विधायक दल की बैठक
मंगलवार को दोपहर 3 बजे अटल सभागार में जेडीयू विधायक दल की बैठक होगी। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक होगी। शाम को 4 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी जिसमें पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए शिवराज सिंह चौहान नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करेंगे। कल ही दिन के 11 बजे बतौर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, कैबिनेट की आखिरी मीटिंग की अध्यक्षता करेंगे और दोपहर को
साढ़े 3 बजे राज्यपाल को इस्तीफा सौंप देंगे।
शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को लोकभवन में ही आयोजित किया जा सकता है। इसमें प्रधानमंत्री के भी शामिल होने की चर्चा है। यदि वह शामिल होंगे तो 14 अप्रैल की शाम तक पटना पहुंच जाएंगे। इस बीच मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।