द फॉलोअप डेस्क:
तेजस्वी यादव ने बिहार में नई एनडीए सरकार के गठन की कवायद पर तंज करते हुए कहा है कि प्रदेश में सरकार ही सरकार बदलकर नई सरकार बना रही है। बिहार में नई सरकार बनेगी लेकिन इसका संचालन गुजरात में होगा क्योंकि रिमोट कंट्रोल वहीं है। उन्होंने कह कि कहने को नए मुख्यमंत्री का चयन पर एनडीए फैसला लेगी, लेकिन सबको पता है कि केवल 2 ही व्यक्ति यह निर्णय लेंगे कि बिहार की नई एनडीए सरकार में मुख्यमंत्री कौन होगा। पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का नाम लिए बिना तेजस्वी यादव ने कहा कि, गुजरात ही तय कर रहा है कि बिहार में किसकी सरकार चलेगी। गुजरात से लिए गए फैसलों के आधार पर ही बिहार में काम होगा।

जेडीयू और नीतीश कुमार की राय का महत्व नहीं
तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने तो विधानसभा चुनाव के समय ही चेताया था कि बिहार में यदि एनडीए की सरकार बनी तो नीतीश कुमार ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। उनको हटा दिया जायेगा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एनडीए गठबंधन अथवा सरकार में जेडीयू या नीतीश कुमार की राय का महत्व नहीं है, बल्कि जेडीयू में बैठे भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस के एजेंट निर्णय लेते हैं। वे वैसे लोग हैं जिनमें किसी को मुकदमों से छुटकारा चाहिए तो कोई मंत्रिपद चाहता है। किसी को ठेकेदारी चाहिए। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में यही हो रहा है।

जाते-जाते खजाना खाली कर गए हैं नीतीश कुमार
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की क्या हालत बना दी गई है। नीतीश कुमार जाते-जाते खजाना खाली कर गए हैं। बिहार प्रति व्यक्ति आय और प्रति व्यक्ति निवेश में सबसे कम है। स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, शिक्षा, रोजगार समेत तमाम क्षेत्रों में देश का सबसे पिछड़ा राज्य है। नीतीश कुमार ने 20 साल तक शासन किया, लेकिन एक भी इंडस्ट्री नहीं लगा पाए। ना तो उच्च शिक्षा के लिए बढ़िया यूनिवर्सिटी बनी और ना ही लोगों के इलाज के लिए बढ़िया अस्पताल। देखने को है तो केवल अराजकता।

नीतीश कुमार को काफी पहले हटाया जा चुका है
तेजस्वी यादव ने कहा कि आज सम्राट चौधरी हों कि विजय कुमार सिन्हा, सबलोग नीतीश कुमार के आवास का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन यही लोग 2 महीने बाद उनको नहीं पूछेंगे। आज जेडीयू और बीजेपी दफ्तर से 25 से 30, फिर से नीतीश लिखा पोस्टर हटाया जा रहा है, लेकिन हैरानी कैसी। चुनाव के समय ही तय था कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटा दिया जायेगा।