द फॉलोअप डेस्क:
तेजस्वी यादव ने कहा कि जेडीयू अब एक स्वतंत्र राजनीतिक संगठन की बजाय भारतीय जनता पार्टी की शाखा बन गई है। संगठन के भीतर बीजेपी के एजेंट मौजूद हैं। उन्होंने मिलकर जेडीयू को बर्बाद कर दिया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि जिस तरह से नीतीश कुमार को विदाई दी गई है, वह बेहद दिल तोड़ने वाला है। तेजस्वी यादव ने कहा कि जिस व्यक्ति ने 20 साल तक मुख्यमंत्री के रूप में एक प्रदेश की सेवा की है, अब आप उसे राज्यसभा भेजने का फैसला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने नीतीश कुमार को ऐसा करने के लिए मजबूर किया है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने विधानसभा चुनाव के समय ही कहा था कि, बीजेपी नीतीश कुमार को ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं रहने देगी।

दिल्ली तय करेगी बिहार का सीएम
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में नए मुख्यमंत्री का चयन कहने को एनडीए विधायक दल की बैठक में तय होगा, लेकिन हकीकत यही है कि केवल 2 लोग तय करेंगे कि बिहार का अगला सीएम कौन होगा। जब नीतीश कुमार ने 2024 में दोबारा एनडीए के साथ नाता जोड़ा, तभी बिहार की सरकार गुजरात से संचालित होने लगी थी। उन्होंने कहा कि बिहार में वही लोग नीतीश कुमार का चक्कर लगा रहे हैं जिनको अपना मुकदमा हटवाना है, मंत्रिपद पाना है या फिर ठेकेदारी चाहिए। आज बिहार का खजाना खाली है।

नये सीएम को जनता का समर्थन नहीं
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में कोई भी मुख्यमंत्री बनेगा, इतना तय है कि उसको जनता का समर्थन हासिल नहीं है। वह केवल स्टांप सीएम होगा जिसको दिल्ली ने चुना है। तेजस्वी यादव ने कहा कि पहले पटना तय करता था कि बिहार की सत्ता पर कौन बैठेगा, लेकिन अब दिल्ली से बिहार का मुस्तकबिल तय किया जा रहा है। बिहार में केवल अराजकता और अव्यवस्था है।