द फॉलोअप डेस्क
राजद नेता तेजस्वी यादव इन दिनों केरल में हो रहे चुनाव प्रचार के दौरान अंग्रेजी में भाषण दे रहे थे। अब सोशल मीडिया पर उनका यह भाषण तेजी से वायरल हो रहा है, साथ ही सियासी बहस को भी जन्म दे दिया है। वीडियो में तेजस्वी अंग्रेजी में अपनी बात रखने की कोशिश करते नजर आते हैं, लेकिन उनके भाषण में कई व्याकरणिक गलतियों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों ने उन पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने तीखा हमला करते हुए कहा कि तेजस्वी की अंग्रेजी “नौवीं कक्षा स्तर” से आगे नहीं बढ़ी है। उन्होंने ‘Bihar state’ और ‘I have come from’ जैसे वाक्यों के प्रयोग को गलत बताते हुए कहा कि सही वाक्य ‘I am from Bihar’ होना चाहिए था।

वहीं भारतीय जनता पार्टी ने भी इस मुद्दे को लपकते हुए कहा कि गलत अंग्रेजी बोलकर बिहार की छवि खराब की जा रही है। ‘poorest state’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई गई है। भाजपा नेताओं का कहना है कि इस तरह के बयान राज्य को बदनाम करते हैं। हालांकि, तेजस्वी के समर्थकों का कहना है कि यह विवाद बेवजह बढ़ाया जा रहा है। उनके अनुसार, असली मुद्दे भाषा नहीं बल्कि बेरोजगारी, विकास और जनता से जुड़े सवाल हैं। बता दें कि केरल में RJD, Left Democratic Front (LDF) गठबंधन के साथ चुनाव लड़ रही है और उसे तीन सीटें मिली हैं। इनमें कोझिकोड, कन्नूर और वायनाड शामिल हैं। वडाकारा से एमके भास्करन, कुत्थुपरंबा से पीके प्रवीण और कालपेट्टा से पीके अनिल मैदान में हैं।

इन सीटों पर प्रचार के दौरान ही यह विवाद सामने आया है। बिहार में लगातार चुनावी हार के बाद तेजस्वी की रणनीति पर पहले से नजर है, ऐसे में केरल में कांग्रेस के खिलाफ प्रचार को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब यह मामला सिर्फ भाषा तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसे नेतृत्व क्षमता और राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक यह मुद्दा गर्म है।