logo

आंधी-बारिश ने लील गई एक ही परिवार के पांच सदस्यों को, विशालकाय पेड़ गिरा मकान पर; गांव में मातम

vfd.jpg

सीतामढ़ी/बिहार
सीतामढ़ी में आंधी-बारिश ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों को लील गई। जिले के रिगा प्रखंड में एक विशालकाय पीपल का पेड़ एक कच्चे मकान पर गिर गया। इसमें एक ही परिवार के 5 लोगों की दबकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना रेवासी गांव स्थित धनुषी टोला का है। घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम का माहौल है। 

बच्चे की हालत गंभीर 
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 1-2 बजे के बीच अचानक तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। इसी दौरान सिकंदर सहनी के कच्चे मकान पर विशालकाय पीपल का पेड़ गिर गया। इस हादसे में घर में सो रहे 5 सदस्यों की दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रुप से घायल है। मृतकों में शामिल सिकंदर सहनी की 28 वर्षीय पत्नी पूजा देवी, 7 वर्षीय पुत्र राजकुमार, 5 वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी, एक महिने का नवजात शिशु और परिवार का एक अन्य बच्चा शामिल है। वहीं सिकंदर सहनी का पुत्र वीर बहादुर गंभीर रूप से घायल है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही घर से पांच लोगों की मौत से सब स्तब्ध हैं।  

मलबे में दबे लोग
स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने उसकी हालत चिंताजनक बताई है। घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-1 राजीव कुमार सिंह, रिगा थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों की मांग पर डीएसपी राजीव कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा। अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को तत्काल राहत पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।

Tags - Sitamarhi News Bihar Storm News Tree Falls on House Sitamarhi Tragedy