logo

14 अप्रैल को बिहार आएंगे शिवराज सिंह चौहान, सीएम चेहरा चुनने के सवाल पर क्या बोले!

a1041.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार में बीजेपी विधायक दल का नेता अथवा सीएम पद का चेहरा चुनने के लिए पर्यवेक्षक नियुक्ति किए गए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 14 अप्रैल को पटना आएंगे। इसकी जानकारी उन्होंने खुद मीडिया को दी है। शिवराज सिंह चौहान ने पर्यवेक्षक बनाए जाने पर कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी का सामान्य कार्यकर्ता हूं, और संगठन मुझे जो भी जिम्मेदारी या दायित्व देगा उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से पालन करूंगा. गौरतलब है कि आज ही बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने शिवराज सिंह चौहान को बिहार में बीजेपी विधायक दल का नेता चुनने के लिए पर्यवेक्षक बनाया है. पार्टी के महासचिव अरूण सिंह ने इसकी जानकारी दी। 

बिहार में सत्ता परिवर्तन हो रहा है
बिहार में सत्ता परिवर्तन हो रहा है। नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ले रहे हैं और 14 अप्रैल को सीएम पद से इस्तीफा देंगे। इस्तीफा देने से पहले उन्होंने कैबिनेट की बैठक बुलाई है। बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में यह नीतीश कुमार की आखिरी कैबिनेट मीटिंग होगी। कैबिनेट की मीटिंग के बाद नीतीश कुमार इस्तीफे की औपचारिक जानकारी देंगे और लोकभवन जाकर राज्यपाल को इस्तीफा सौपेंगे। नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद एनडीए घटक दल के विधायकों की बैठक होगी, जिसमें मुख्यमंत्री का नाम घोषित किया जाएगा। इतना तय है कि मुख्यमंत्री, भारतीय जनता पार्टी का होगा तो इसलिए शिवराज सिंह चौहान बतौर पर्यवेक्षक इसका चुनाव करने में प्रदेश इकाई की सहायता करेंगे. अभी सम्राट चौधरी का नाम आगे लिया जा रहा है। 

नीतीश कुमार अब राज्यसभा सांसद हैं
नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी थी कि वह राज्यसभा जाना चाहते हैं। अपने राजनीतिक करियर में वह राज्यसभा ही नहीं गए हैं, बाकी लोकसभा, विधानसभा और विधानपरिषद के सदस्य रह चुके हैं। वह चारों सदनों का सदस्य होना चाहते हैं। हालांकि, ऐसा माना जाता है कि भारतीय जनता पार्टी ने ही नीतीश कुमार पर सीएम पद छोड़ देने का दबाव बनाया। बीजेपी उनको चुनाव के बाद ही सीएम बनाने को तैयार नहीं थी, लेकिन तब थोड़ा इंतजार किया गया।

नीतीश कुमार की उम्र काफी हो गई है। कहा जाता है कि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता और मानसिक रूप से भी वह इस पद को धारण करने योग्य नहीं रह गए थे। 

तेजस्वी यादव ने नीतीश पर किया तंज
इस पूरे घटनाक्रम पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का कहना है कि अब बिहार की सरकार पटना नहीं बल्कि दिल्ली से चलेगी। बिहार में स्टांप मुख्यमंत्री होगा और वही करेगा जो उनको पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह करने को बोलेंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि हमें नीतीश कुमार से पूरी सहानुभूति है। हमने उनको आगाह किया था और वह खुद भी जानते थे कि चुनाव के बाद बीजेपी उनको सीएम नहीं रहने देगी। उनको जबरन राज्यसभा भेजा गया है। इस बीच पप्पू यादव ने कहा कि बीजेपी सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी, बल्कि कोई ऐसा चेहरा आगे किया जाएगा जिसको कोई पहचानता नहीं होगा। 


 

Tags - Shivraj Singh ChouhanBJP BiharJDUNitish KumarBihar CM FaceBihar News UpdateBihar Politics