द फॉलोअप डेस्क
सारण जिले में कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस ने एक बड़े अभियान में 32 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 27 मार्च को जिलेभर में वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान के दौरान शराब कारोबार और विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त आरोपितों पर शिकंजा कसा गया। गिरफ्तार किए गए 32 आरोपितों में शराब सेवन के 16, शराब कारोबार के 5, वारंट के 1, हत्या के प्रयास के 2, चोरी के 2, आर्म्स एक्ट के 4 और अन्य मामलों के 2 आरोपी शामिल हैं।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 40 लीटर अवैध शराब, एक देशी कट्टा, 15 जिंदा कारतूस, एक चारपहिया वाहन, 640 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन जब्त किए। वहीं सारण जिले में यातायात नियमों के पालन के लिए भी सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस जांच अभियान में 157 वाहनों से कुल 3,30,000 रुपये जुर्माना भी वसूला गया। इस बड़े अभियान को लेकर पुलिस-प्रशासन का कहना है कि अपराध और अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि आम लोगों को शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल मिल सके।
.jpeg)