द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। सीएम ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा कि “देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से मिलकर उन्हें "विकसित भारत और समृद्ध बिहार" के विजन पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। माननीय प्रधानमंत्री जी का स्नेह एवं सहयोग बिहार की प्रगति को नई गति प्रदान कर रहा है।“ दिल्ली में सीएम सम्राट चौधरी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की।

PM से मुलाकात राजनीतिक संकेत
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से प्रधानमंत्री की यह मुलाकात को महज औपचारिक शिष्टाचार नहीं, बल्कि बड़े राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। इस बैठक ने बिहार की सियासत में हलचल तेज कर दी है। दरअसल दोनों का यह मुलाकात ऐसे वक्त पर हुई है जब राज्य में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं चरम पर हैं। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में कैबिनेट विस्तार की टाइमिंग, संभावित चेहरों और जातीय और क्षेत्रीय संतुलन जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई माना जा रहा है। साथ ही आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय पर भी मंथन होने की संभावना जताई जा रही है।

मंत्रिमंडल विस्तार
माना जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया को रफ्तार मिल सकती है। गौरतलब है कि 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जबकि विजय चौधरी और विजेंद्र यादव ने उपमुख्यमंत्री का कार्यभार संभाला था। इसके बाद से ही कैबिनेट विस्तार को लेकर इंतजार बना हुआ है।