logo

RJD विधायक ओसामा शाहब पर हत्या की साजिश का आरोप, मामले में FIR दर्ज

osama_shaheb.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

सिवान जिले के एमएच नगर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में रविवार रात हुए विवाद ने राजनीतिक तनाव और हिंसा की नई तस्वीर सामने ला दी। ऑटो और स्कॉर्पियो के बीच साइड लेने को लेकर शुरू हुए मामूली झगड़े ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। पुलिस को सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव किया, जिससे पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घायलों का उपचार पीएचसी एमएच नगर में कराया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो में सवार चंदन सिंह और उनके सहयोगियों के बीच राजनीतिक एवं व्यक्तिगत विवाद पूर्व से था। उग्र भीड़ में शामिल डब्लू खान और उसके समर्थकों ने मामूली झगड़े को हिंसा में बदल दिया।

ऑटो चालक का आरोप है कि चंदन सिंह और उनके साथियों ने उस पर फायरिंग की। वहीं दूसरी ओर गंभीर आरोप लगाते हुए चंदन सिंह ने भी प्राथमिकी में बताया कि 5 अप्रैल को एक कार्यक्रम से लौटते समय उनकी हत्या के लिए पहले से साजिश रची गई थी। अत्याधुनिक हथियार से लैस अयनुल हक और मैनुदिन मिया द्वारा उन पर कई राउंड गोली चलाए गए। इस मामले में RJD विधायक ओसामा शाहब और डब्लू खान पर हत्या की साजिश का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अजय कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Tags - siwan district news mh nagar police station semri village incident auto vs scorpio dispute political tension siwan violence in siwan stone pelting incident police injuredrjd vidhayak osama shahab