द फॉलोअप डेस्क
बिहार के सीतामढ़ी में धुरंधर-2 फिल्म देखकर घर लौट रहे दो युवकों को पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर कथित रूप से प्रताड़ित करने और पूरी रात थर्ड डिग्री देने का मामला सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, यह घटना सुप्पी थाना का है। पुलिस द्वारा प्रताड़ित करने के कारण दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घायल युवकों की पहचान ससौला गांव निवासी जयप्रकाश सिंह और उनके चचेरे भाई गोपाल कुमार के रूप में हुई है। सूत्रों के मुताबिक ससौला चौक पर चोरी हुई थी, इसी मामले में संद्ग्धों की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों को गलतफहमी में पकड़कर थाने ले गई और इस घटना को अंजाम दिया।
.jpg)
परिजनों का कहना है कि दोनों युवक शहर में ‘धुरंधर-2’ फिल्म देखकर अपने गांव लौट रहे थे, इसी दौरान रास्ते में ही उन्हें पुलिस पकड़कर थाने ले गई। वहीं गांव के मुखिया हेमंत मिश्रा का कहना है कि दोनों युवक निर्दोष थे, इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें हाजत में बंद कर बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। दरअसल इस घटना के मामले में एक और गंभीर आरोप सामने आया है। पुलिस द्वारा थाने में बंद एक कथित चोर पर दोनों युवकों को जबरदस्ती पहचानने और चोर बताने का दबाव बनाया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीण दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, एसपी अमित रंजन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।