द फॉलोअप डेस्क:
पीएम मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार संसद की गरिमा बढ़ाएंगे. हम उनके लंबे राजनीतिक अनुभव का लाभ उठाएंगे. पीएम मोदी ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने पर बधाई और शुभकामनाएं दी. प्रधानमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं. सुशासन के प्रति उनके समर्पण की हर जगह सराना होती है. उन्होंने बिहार के विकास के लिए अमिट योगदान दिया है. उन्हें एकबार फिर से संसद में देखना हर्ष का विषय होगा.
पीएम मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार अतीत में कई वर्षों तक संसद सदस्य और केंद्रीय मंत्री के रूप में सेवा दे चुके हैं. पीएम ने विश्वास जताया कि नीतीश कुमार अपने लंबे राजनीतिक अनुभव और समझ की बदौलत संसद की गरिमा बढ़ाएंगे. गौरतलब है कि नीतीश कुमार कल ही दिल्ली आए थे और आज उन्होंने राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली. जल्द ही सीएम पद से इस्तीफा देंगे.
नीतीश कुमार जी देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं। सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है। उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है। उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा। सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी…
— Narendra Modi (@narendramodi) April 10, 2026
पटना आते-जाते रहेंगे नीतीश कुमार
गौरतलब है कि गुरुवार को दिल्ली पहुंचने के बाद पहली बार मीडिया से मुखातिब नीतीश कुमार ने कहा था कि वह अब दिल्ली आ गए हैं और यहीं रहेंगे. वह दिल्ली से ही काम करेंगे. उन्होंने कहा कि वह पटना आते-जाते रहेंगे और बिहार से संबंध बना रहेगा. दरअसल, पिछले महीने एक अप्रत्याशित से लगने वाले पूर्व निर्धारित घटनाक्रम में नीतीश कुमार ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर राज्यसभा जाने की इच्छा जताई थी. उन्होंने कहा था कि वह अपने लंबे राजनीतिक जीवन में लोकसभा, विधानसभा और विधानपरिषद के सदस्य रह चुके हैं. अब राज्यसभा सदस्य बनने की इच्छा है. उन्होंने कहा था कि बिहार सरकार का नेतृत्व कुशल हाथों में रहेगा.
हालांकि, सियासी जानकार मानते हैं कि यह नीतीश कुमार की इच्छा नहीं थी, बल्कि भारतीय जनता पार्टी का दबाव था कि वह सीएम की कुर्सी छोड़ें और राज्यसभा सांसद के रूप में राजनीतिक पारी का सम्मानजनक अंत करें.
निशांत कुमार की भूमिका पर चुप्पी!
गुरुवार को दिल्ली में जेडीयू नेता विजय चौधरी ने दावा किया कि बिहार की नई एनडीए सरकार नीतीश मॉडल पर ही चलेगी. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने 20 साल के कार्यकाल में बिहार के विकास को जो ऊंचाई प्रदान की है, नई सरकार उसी का अनुसरण करेगी. उन्होंने कहा कि निशांत कुमार जेडीयू में सक्रिय हो गए हैं और पार्टी बहुत जल्द उनकी भी भूमिका तय करेगी. विजय चौधरी ने हालांकि यह बताने से इनकार कर दिया है कि नई कैबिनेट में निशांत कुमार की क्या भूमिका होने वाली है.