द फॉलोअप डेस्क
RLM के अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 19 जून को जान से मारने की धमकी मिली थी। इस बात की जानकारी उपेंद्र कुशवाहा ने खुद एक्स पर ट्वीट कर दी थी। इस मामले को लेकर उनके सहायक ने सचिवालय थाने में केस दर्ज कराया था। जब पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की तो पटना SSP कार्तिकेय शर्मा भी हैरान रह गये।
उपेन्द्र कुशवाहा को धमकी देने वाला शख्स सीवान के दरौली निवासी राकेश कुमार है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शख्स के पास से सिम कार्ड, मोबाइल व डायरी जब्त किया गया है। डायरी में कई लोगों के मोबाईल नंबर भी लिखे हुए हैं। राकेश ने उपेंद्र कुशवाहा के अलावे कई अन्य लोगों को भी कॉल किया था। राकेश से पूछताछ की गयी तब उसने बताया कि वह पहले उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी में था लेकिन उपेंद्र कुशवाहा की पॉलिसी और स्टेटमेंट से वो नाराज था। इसलिए राकेश ने लॉरेंस विश्नोई गैंग के नाम पर उपेंद्र कुशवाहा को मारने की धमकी दी थी। पटना SSP ने बताया कि अभी तक यह बात नहीं पता चल पाई है कि राकेश का कनेक्शन लॉरेंस विश्नोई से था की नहीं।
बता दें कि गुरुवार को देर शाम 7 बार कॉल करके राकेश ने उपेंद्र कुशवाहा को 10 दिनों में खत्म करने धमकी दी थी। जिसके बाद मामले को लेकर कार्रवाई शुरू की गई थी।