द फॉलोअप डेस्क
बिहार में अधिकारियों की संपत्ति सार्वजनिक करने की प्रक्रिया के तहत यशपाल मीणा की चल और अचल संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा सामने आया है। वर्तमान में पटना के नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत 2014 बैच के इस IAS अधिकारी की घोषित संपत्ति में नकद, बैंक बैलेंस, निवेश और जमीन-जायदाद शामिल हैं। जारी विवरण के मुताबिक, उनके पास करीब 20 हजार रुपये नकद हैं, जबकि बैंक खाते में 11.49 लाख रुपये जमा हैं। इसके अलावा उन्होंने 8.54 लाख रुपये म्यूचुअल फंड और शेयरों में निवेश कर रखे हैं। उनके पीपीएफ खाते में भी 6.94 लाख रुपये जमा हैं। आभूषणों की बात करें तो उनके पास लगभग 100 ग्राम सोने के गहने हैं, जो उनकी कुल चल संपत्ति का हिस्सा हैं।

वहीं, उनकी पत्नी की संपत्ति का दायरा इससे कहीं ज्यादा है। उनके पास 12 हजार रुपये नकद और बैंक खाते में करीब 3 हजार रुपये हैं, जबकि 24.01 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट भी उनके नाम पर दर्ज है। सबसे खास बात यह है कि उनके पास करीब डेढ़ किलो सोना और ढाई किलो चांदी के आभूषण हैं।

अचल संपत्तियों में यशपाल मीणा के नाम पर अलवर में कृषि योग्य जमीन दर्ज है। इसके अलावा उनके पास 2700 वर्गफीट गैर-कृषि भूमि और तीन फ्लैट भी हैं। वहीं उनकी पत्नी के नाम पर जयपुर में 681.41 वर्ग गज गैर-कृषि भूमि मौजूद है, जिसे ‘पिंक सिटी’ में उनकी बड़ी संपत्ति माना जा रहा है। यह खुलासा राज्य सरकार द्वारा पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से अधिकारियों की संपत्ति सार्वजनिक करने की प्रक्रिया के तहत किया गया है।