द फॉलोअप,पटना
पटना मेट्रो के कॉरिडोर-2 में आगामी जुलाई माह तक दो महत्वपूर्ण टनल (सुरंग) का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां शुरु कर दी गई है। वर्तमान में PMCH से गांधी मैदान के बीच 1250 मीटर लंबी सुरंग का काम चल रहा है, जिसमें करीब 750 मीटर तक की खुदाई पूरी हो चुकी है।

पटना जंक्शन तक जुड़ेगा नेटवर्क
जानकारी के मुताबिक, शेष 500 मीटर का काम पूरा होते ही मोइनुल हक स्टेडियम से पटना विश्वविद्यालय, PMCH, गांधी मैदान और आकाशवाणी होते हुए पटना जंक्शन तक का पूरा टनल नेटवर्क आपस में जुड़ जाएगा। बताया जा रहा है कि सुरंग निर्माण में आ रही तकनीकी और भौगोलिक बाधाओं को अब लगभग दूर कर लिया गया है। पूर्व में PMCH रूट पर राधा कृष्ण मंदिर के आने के कारण टनल बोरिंग मशीन (TBM) के कार्य में विलंब हुआ था, जिसे अब सुलझा लिया गया है।

जाम से मिलेगी राहत
हालांकि अधिकारियों का कहना है कि मोइनुल हक स्टेडियम से राजेंद्र नगर स्टेशन के बीच 705 मीटर लंबी सुरंग का काम भी जुलाई तक संपन्न करने का लक्ष्य है। इसके तुरंत बाद राजेंद्र नगर से मलाही पकड़ी स्टेशन की दिशा में खुदाई का अगला चरण शुरू कर दिया जाएगा। उनके मुताबिक, कॉरिडोर-2 में लगभग 6 किलोमीटर लंबी भूमिगत लाइन का ढांचा जल्द ही तैयार हो जाएगा। अब तक मोइनुल हक स्टेडियम से पटना विश्वविद्यालय (1480 मीटर) और गांधी मैदान से पटना जंक्शन (1450 मीटर) के बीच का काम पहले ही पूरा किया जा चुका है। बहरहाल, इस कॉरिडोर-2 को जुलाई तक पूरा हो जाने के बाद शहरवासियों को जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।