logo

पटना में JDU कार्यालय के बाहर फिर लगा पोस्टर, निशांत कुमार को बताया गया बिहार का फ्यूचर CM 

JDU_POSTER.JPG

द फॉलोअप डेस्क 

बिहार की राजनीति में इन दिनों मुख्यमंत्री पद को लेकर हलचल तेज हो गई है। पटना स्थित  JDU कार्यालय के बाहर लगे एक पोस्टर ने इस सियासी चर्चा को और हवा दे दी है, जिसमें नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को “फ्यूचर सीएम ऑफ बिहार” बताया गया है। दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने की खबरों के बीच यह माना जा रहा है कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा दे सकते हैं। ऐसे में बिहार का अगला CM कौन होगा, इस पर सस्पेंस बना हुआ है। JDU कार्यालय और शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर लगाए गए पोस्टरों में नीतीश कुमार और उनके बेटे निशांत कुमार की तस्वीरें लगी हैं। पोस्टर में लिखा गया है- “नीतीश सेवक, मांगे निशांत”,“अब नए चेहरे पर क्यों करें विचार, जब क्लाइमेट लीडर के संकल्पों को पूरा करने के लिए तैयार हैं, भाई निशांत कुमार।” इस पोस्टर के जरिए साफ तौर पर निशांत कुमार को मुख्यमंत्री पद के लिए आगे बढ़ाने की मांग की गई है। यह पहली बार नहीं है जब निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठी हो। इससे पहले भी लगे पोस्टरों में उनकी तस्वीर के साथ “फ्यूचर CM ऑफ बिहार” लिखा गया था।

वहीं, नीतीश कुमार से राज्यसभा न जाने और मुख्यमंत्री पद पर बने रहने की अपील भी की गई थी। JDU के कई नेता और कार्यकर्ता खुलकर निशांत कुमार के समर्थन में आ रहे हैं। पार्टी के नेता समेत कई लोग उन्हें अगला मुख्यमंत्री बनाने की वकालत कर चुके हैं। जब निशांत कुमार जेडीयू कार्यालय पहुंचे थे, उस दौरान भी कार्यकर्ताओं ने उन्हें सीएम फेस के रूप में पेश किया था। वहीं, दूसरी ओर BJP की तरफ से डिप्टी CM सम्राट चौधरी के नाम की चर्चा चल रही है। हालांकि, NDA की ओर से अभी तक मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। बिहार की राजनीति इस समय एक अहम मोड़ पर खड़ी है। एक ओर नीतीश कुमार के राज्यसभा जा रहे हैं, तो दूसरी ओर नए नेतृत्व को लेकर अंदरूनी और बाहरी दबाव भी बढ़ता जा रहा है। इन सब के बीच अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में JDU और NDA किसे बिहार की कमान सौंपते हैं, क्या पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग के अनुसार निशांत कुमार को मौका मिलेगा, या फिर कोई और चेहरा सामने आएगा।

Tags - Bihar politics Chief Minister position Patna JDU office political poster Nitish Kumar Nishant Kumar future CM of Bihar Rajya Sabha oath political suspense CM resignation next Bihar CM JDU posters political discussion leadership debate