logo

पटना MLC चुनाव में बवाल, मोकामा में अनंत सिंह-नीरज कुमार के समर्थक आमने-सामने

पटना MLC चुनाव में बवाल, मोकामा में अनंत सिंह-नीरज कुमार के समर्थक आमने-सामने

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार विधान परिषद (Bihar Legislative Council) की आठ सीटों पर शुक्रवार को मतदान हो रहा है। इस बीच पटना स्नातक एमएलसी (Patna Graduate MLC) सीट के चुनाव के दौरान मोकामा में हंगामे की खबर सामने आई है। प्रखंड कार्यालय स्थित मतदान केंद्र के पास जेडीयू नेता नीरज कुमार और विधायक अनंत सिंह के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मतदाताओं को वोट देने से रोकने का आरोप लगाया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा, एक समर्थक हिरासत में

विवाद की सूचना मिलते ही एसडीपीओ रामकृष्ण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस अधिकारियों से भी बहस की। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए मतदान केंद्र के पास जुटी भीड़ को तितर-बितर कर दिया। इस मामले में अनंत सिंह के समर्थक विपिन सिंह को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मतदान केंद्र के आसपास स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की, ताकि मतदान प्रक्रिया में बाधा न आए।

नीरज कुमार और अनुज सिंह की जीत को लेकर दावे

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र इस बार हॉट सीट बना हुआ है। जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार एनडीए के उम्मीदवार हैं, जबकि विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह को समर्थन दिया है। अनंत सिंह लगातार अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं और नीरज कुमार को हराने का दावा कर चुके हैं। वहीं, नीरज कुमार ने भी अपनी जीत का भरोसा जताया है। इस सीट पर राजद ने दिलीप सिंह को उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में मुकाबला त्रिकोणीय माना जा रहा है और चुनाव परिणाम पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Tags - Bihar News Patna Graduate MLC Election 2026 Mokama MLC Election Clash Anant Singh Supporters