logo

पाटलिपुत्र स्टेशन पर देर से पहुंची ट्रेन, नाराज अभ्यर्थियों ने किया पथराव और तोड़फोड़; रेल IG समेत कई पुलिसकर्मी घायल

बिहार_सिपाही_1.jpg

पटना/बिहार
बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने रविवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप था कि परीक्षा केंद्र दूर होने के बावजूद ट्रेनें समय पर नहीं पहुंचीं। इससे नाराज अभ्यर्थियों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर पथराव और तोड़फोड़ शुरु कर रेल परिचालन बाधित कर दिया। इसमें रेल आईजी जितेंद्र राणा समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गये। 

समझाने पहुंचे अधिकारियों पर हुआ पथराव
हंगामे की सूचना मिलते ही रेल पुलिस, आरपीएफ और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और ट्रैक खाली कराने की कोशिश की। इस दौरान नाराज अभ्यर्थियों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें रेल आईजी जितेंद्र राणा समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान घायल हो गए। बताया जा रहा है कि अभ्यर्थियों ने स्टेशन परिसर में तोड़फोड़ कर रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इससे कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।

आंसू गैस और लाठीचार्ज के बाद स्थिति नियंत्रित
हालात को बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। इस दौरान पुलिस द्वारा भीड़ को हटाने के लिए फायरिंग करने की भी सूचना है। कार्रवाई के बाद रेलवे ट्रैक खाली कराया गया और स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। घटना के बाद स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Tags - Patliputra Railway Station Patna News Bihar Police Recruitment Exam