द फॉलोअप डेस्क
बिहार में विधानसभा चुनाव का सियासी हलचल तेज हो चुका है। और इस सियासी हलचल में कई नेता पार्टी बदल रहे हैं, जो कि अक्सर होता रहा है। इसी बीच एक बड़ी खबर ये है कि JDU के एक पुराने और समर्पित नेता नवीश कुमार नवेंदु ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। यह जानकारी उन्होंने अपने फेसबुक पोस्ट पर साझा किया है। जानकारी के लिए बता दें कि नवीश पटना साहिब विधानसभा के प्रभारी और अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रवक्ता के पद पर कार्यरत थे। नवीश ने अपना इस्तीफा पत्र 19 जून 2025 को JDU के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को भेजा है। उन्होंने इस्तीफे में पार्टी के भीतर योग्यता की अनदेखी और सिफारिश के आधार पर नियुक्तियों को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। नवीश कुमार नवेंदु लगभग 13 वर्षों से पार्टी के लिए काम कर रहे थे।
जेडीयू नेता रहे नवीश कुमार नवेंदु ने नाराजगी जताते हुए अपने फेसबुक पर पोस्ट पर लिखा है और कहा है कि, “बिहार प्रदेश जनता दल यूनाईटेड के माननीय अधयक्ष श्री उमेश कुशवाहा जी से अनुरोध करता हूँ कि मेरे जैसा जनता दल यूनाइटेड के समर्पित कार्यकर्ता पिछले 13 वर्षों से पार्टी के लिये ,बारिश अंधर पानी मे भी पार्टी के द्वारा दिये गये कार्यों को पूरी निष्ठा से करते आये है ,लेकिन आयोग बोर्ड निगम मे RSS कोटा, दामाद कोटा, विकास मित्र के कोटा, एवं माननीय मंत्री जी के कोटा के साथ साथ पत्नी कोटा से अध्यक्ष एवं सदस्य बनाये गये हैं ,इसलिए मै पूरी जिम्मेवारी के साथ आज से जनता दल यूनाइटेड के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रवक्ता एवं पटना साहिब विधानसभा प्रभारी (१८४) के पद सहित पार्टी के प्राथमिक सदस्य से त्यागपत्र देता हूँ”।
उन्होंने आगे लिखा कि “एक महत्वपूर्ण बात औऱ मै जिस समाज अनुसूचित जाति और जिस जाति रविदास से आता हूं अगर मेरे जितना शिक्षा और राजनीतिक परिपक्वता के साथ पारिवारिक शिक्षित कोई कार्यकर्ता है तो मुझे बताने का कष्ट करेंगे। आप सभी का धन्यवाद”।
बता दें कि बिहार विधानसभा का चुनाव नजदीक है और ऐसे समय पर JDU के एक बड़े और समर्पित नेता का पार्टी छोड़ देना पार्टी के लिए नुकसान साबित हो सकता है। नीतीश कुमार व उनकी पार्टी पहले से ही विवादों और विपक्षी का सामना कर रही है। और अब यह खबर उनके लिए एक बड़ा झटका देने वाली साबित हो सकती है।