Nalanda Liquor Smuggling: बिहार (Bihar) के नालंदा (Nalanda) जिले में शराब तस्करों (Liquor Smuggling) को पकड़ने गई मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर दिया गया। पावापुरी-गिरियक क्षेत्र में राजमार्ग पर एक फ्लाईओवर (Flyover) के पास हुई गोलीबारी (Firing) में सिपाही अजीत कुमार (Constable Ajit Kumar) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए पटना ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर को उस समय हुई, जब टीम झारखंड से लाई जा रही शराब की बड़ी खेप को पकड़ने के लिए कार्रवाई कर रही थी।

गुप्त सूचना पर पटना से पहुंची थी टीम, मुखबिर ने चलाई गोली
मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने बताया कि पटना मुख्यालय के खुफिया तंत्र को सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप नालंदा लाई जा रही है। इसके बाद पटना से पहुंची विशेष टीम ने राजगीर में तैनात उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक और स्थानीय टीम के साथ मिलकर तस्करों का पीछा शुरू किया। पावापुरी-गिरियक के बीच फ्लाईओवर के पास टीम ने पिकअप वाहन को रोकने और घेरने की कोशिश की। इसी दौरान तस्करों के लिए रेकी कर रहे एक मुखबिर ने टीम पर गोली चला दी, जो सिपाही अजीत कुमार को लगी। गोलीबारी के बाद पैदा हुई अफरातफरी का फायदा उठाकर तस्कर और उनका मुखबिर पिकअप वाहन लेकर फरार हो गए।

पटना में इलाज के दौरान तोड़ा दम, हमलावरों की तलाश में छापेमारी
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अजीत कुमार को पहले पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया। उनकी हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग और जिला पुलिस की संयुक्त टीम हमलावरों की पहचान करने तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस फरार शराब तस्करों और गोली चलाने वाले मुखबिर की तलाश में जुटी है।