द फॉलोअप डेस्क
बिहार के शिवहर से सांसद लवली आनंद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कामकाज की जमकर सराहना की। लवली आनंद ने नीतीश कुमार के कामों को सराहते हुए कहा कि उन्होंने बिहार को जीरो से शिखर तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कारनामा अंजाम दिया है। आगे लवली आनंद ने अपने बयान में कहा कि नीतीश कुमार की सियासी दूरअंदेशी और इंकलाबी फैसलों ने बिहार की तस्वीर बदल दी है। चाहे इंफ्रास्ट्रक्चर के तहत पुल-पुलिया का जाल बिछाना हो, या फिर महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण देना। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश को सियासी और प्रशासनिक ताकत दिया है। उन्होंने खास तौर पर इस बात पर जोर दिया कि आज बड़ी तादाद में महिलाएं दरोगा समेत कई अहम ओहदों पर तैनात हैं, जो सरकार की नीतियों की कामयाबी का जीता-जागता सबूत है।

हालांकि, इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के राज्यसभा जाने की अटकलों पर उनका निजी फैसला बताया। इससे अवाम और पार्टी कार्यकर्ताओं के दिलों में कहीं न कहीं कसक और बेचैनी जरूर है। बहरहाल लवली आनंद ने नीतीश कुमार से अपील भी किया और कहा कि बिहार के बेहतर मुस्तकबिल के लिए नीतीश कुमार अपने फैसले पर गहन चिंतन करें और सूबे का रहनुमाई करते रहें। पार्टी जो भी फैसला लेगी, वह उसके साथ खड़ी रहेंगी।