द फॉलोअप डेस्क
बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले में शनिवार की रात करीब11:45 बजे तेज हवा के साथ आंधी चल रही थी। इसी आंधी में घुरा से लगी आग तेजी से पूरे गांव में फैलने गई। देखते ही देखते लगभग 40 से अधिक घरों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया और घरों में रखा लाखों रुपए का सामान, अनाज और जरूरी सामग्री जलकर राख हो गया। घटना चनपटिया प्रखंड अंतर्गत खैरवा टोला, चुहड़ी का बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान कई पालतू मवेशी को भी जिंदा जलने की सूचना है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, स्थानीय थाना पुलिस और 112 आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने रात करीब 3 बजे आग पर कड़ी मशक्कत के बाद पूरी तरह काबू पाया। इधऱ, घटना के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रणव कुमार मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावितों परिवारों को भरोशा दिलाया कि हरसंभव सहायता की जाएगी। वहीं, चनपटिया विधायक अभिषेक रंजन और स्थानीय मुखिया प्रभात कुमार भी पूरी रात घटनास्थल पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई।