बिहार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंदिरी नाले पर बनी सड़क का उद्घाटन किया। इस दौरान मंच से भाषण देते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, पुलिस के हाथ खुले हैं। चैलेंज करने वाले अपराधियों को पुलिस 48 घंटे में जवाब देगी। हमारे लिए अपराध मुक्त बिहार मायने रखता है। भाषण के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से देश के साथ-साथ बिहार भी आर्थिक रूप से मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि राज्य में व्यवस्था पूरी तरह बदल चुकी है और आज बिहार में सुशासन की सरकार है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पुलिस को पूरी छूट दी है। अगर कोई अपराधी पुलिस को चुनौती देता है तो पुलिस 48 घंटे के भीतर उसका जवाब देगी। उनके लिए अपराधमुक्त बिहार सबसे बड़ी प्राथमिकता है और इसके लिए वे हर संभव कदम उठाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अपराधी किसी भी जाति का हो, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। 
सीएम सम्राट ने अहम जानकारी दी
मंदिर नाले पर बनी सड़क का उद्घाटन कई मायने में बेहद खास माना जा रहा है। सम्राट ने यह भी जानकारी दी कि अगले 1 महीने के अंदर दीदारगंज से लेकर कच्ची दरगाह पुल का भी उद्घाटन करेंगे। साथ ही अगले 1 महीने में वाटर मेट्रो की भी शुरुआत होगी। पिछले 40 साल से मैं इस शहर को देख रहा हूं। बगल में वीर चंद पटेल पथ में पिताजी रहते थे। पूरे इलाके के लिए ये अभिशाप था। पूर्व सीएम नीतीश जी को भी धन्यवाद देता हूं।
कार्यक्रम में क्या-क्या कहा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ?
कार्यक्रम में मौजूद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, आज का दिन मेरे लिए विशेष है। मेरे पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा जी की जयंती भी है। जब वह जीवित थे तो उन्होंने सपना देखा था, मंदिरी नाले के ऊपर सड़क बनाने का और आज ये सपना पूरा हुआ। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई देता हूं। बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने सुशासन की सरकार दी। अब सम्राट के नेतृत्व में बिहार समृद्ध होगा।