logo

बिहारशरीफ : शीतला मंदिर हादसे के बाद एक्शन में प्रशासन, अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर; श्रद्धालुओं के बनेगी बैरिकेडिंग

maa_shitla_mandir_incident.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
बिहारशरीफ के मघड़ा स्थित मां शीतला मंदिर में 31 मार्च को हुई भगदड़ के बाद अब प्रशासन पूरी तरह एक्शन में आ गया है। इस हादसे में 8 महिलाओं की जान चली गई थी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और मंदिर प्रबंधन पर कई सवाल उठे। अब ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए बड़े स्तर पर बदलाव शुरू किए गए हैं। शनिवार को नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम ने मंदिर परिसर में सुधार कार्य की शुरुआत की। सबसे पहले उन कारणों को ठीक करने पर ध्यान दिया जा रहा है, जिनकी वजह से यह हादसा हुआ था। जांच में पाया गया कि भीड़ बहुत ज्यादा थी और रास्ते बहुत संकरे थे, जिससे भगदड़ मच गई। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। मंदिर के आसपास बने अवैध कब्जों को बुलडोजर से हटाया गया, ताकि आने-जाने का रास्ता खुला और चौड़ा हो सके। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा और मंदिर तक जाने वाली सड़कों को और चौड़ा किया जाएगा। जिस जगह पर भगदड़ हुई थी, वहां की सीढ़ियां भी खतरे का कारण बनी थीं। अब उन संकरी और फिसलन भरी सीढ़ियों को तोड़कर उनकी जगह ढलान (स्लोप) बनाया जा रहा है। इससे भीड़ आसानी से आ-जा सकेगी और गिरने या दबने का खतरा कम होगा। लाइन में लगने के लिए अब मजबूत स्टील बैरिकेड लगाए जा रहे हैं, जिससे भीड़ को व्यवस्थित रखा जा सकेगा। मंदिर परिसर में साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पहले जहां गंदगी और पानी जमा रहता था, अब उसे हटाया जा रहा है। तालाब और आसपास के इलाके की सफाई कर उसमें साफ पानी भरने का काम शुरू हो चुका है। प्रशासन पूरी कोशिश कर रहा है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिले और भविष्य में ऐसी कोई दुखद घटना दोबारा न हो।

Tags - Maghra Mandir Stampede Bihar Sharif News Shitla Mandir Maghra Temple Safety Action Maghra Temple UpdateEncroachment Drive Bihar Temple Security Reform Maghra Mandir Bihar Bihar Sharif Administration Shitla Mandir Reform