पटना
बिहार विधानसभा स्थापना दिवस के मौके पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला बिहार का दौरा करेंगे। इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष बिहार विधानमंडल के सदस्यों को भी संबोधित करेंगे। विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों के लिए आयोजित प्रबोधन कार्यक्रम का भी उद्घाटन करेंगे। बिहार विधानसभा से मिली जानकारी के मुताबिक इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला बिहार विधानसभा डिजिटल टीवी और बिहार विधानसभा पत्रिका का भी लोकार्पण करेंगे।

सेंट्रल हॉल में आयोजित होगा कार्यक्रम
प्रबोधन का कार्यकम बिहार विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में बिहार विधानमंडल के कुल 318 सदस्य ले सकेंगे। इसमें विभिन मुद्दों पर चर्चा की जायेगी, जिसमे सदस्यों को प्रभावी विधायक कैसे बनें और विधानमंडलों और उनके माननीय सदस्यों के विशेषाधिकार संसदीय प्रथाएं, परिपाटियां और शिष्टाचार, विधायी प्रक्रिया, बजटीय प्रक्रिया सहित कई विषयों पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला जानकारी देंगे।
कार्यक्रम में कौन-कौन करेंगे शिरकत
इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा सहित बिहार के अन्य नेता शामिल होंगे। उनके अलावा राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश भी उपस्थित रहेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद होगी
लोकसभा सचिवालय के अनुसार इस प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन लोकसभा सचिवालय के संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा बिहार विधानसभा सचिवालय के समन्वय से बिहार विधानसभा प्रबोधन कार्यक्रम किया जा रहा है। कार्यक्रम के मद्देनजर पूरे बिहार विधानमंडल की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।