द फॉलोअप डेस्क
कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत ने को हड़कंप मचा दिया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने फलका मुख्य चौक (एसएच-77) को जाम कर प्रदर्शन किया। गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर हमला किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए और प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिसकर्मी की राइफल भी छीन ली। मृतक की पहचान गोपालपट्टी गांव निवासी फालो यादव के पुत्र राकेश यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले पुलिस ने राकेश को छिनतई (लूट) के एक मामले में संदिग्ध मानकर गिरफ्तार किया था और फलका थाने में रखा था। शनिवार की सुबह अचानक राकेश की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस उसे आनन-फानन में फलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही राकेश ने दम तोड़ दिया।

राकेश की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों का आरोप है कि पुलिस हिरासत के दौरान राकेश की बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौत हुई। ग्रामीण इसे पुलिस की बर्बरता बता रहे हैं और दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। युवक की मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों लोग फलका मुख्य चौक पर जमा हो गए और स्टेट हाईवे-77 को जाम कर दिया। पुलिस ने भीड़ को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। इस दौरान पोठिया ओपी अध्यक्ष नवीन कुमार और सिपाही संजीव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कुछ युवाओं ने पुलिसकर्मी की राइफल छीन ली और उसे लेकर फरार हो गए, जिसकी तस्वीर और वीडियो भी सामने आया है। हंगामे के कारण इलाके में तनाव बढ़ गया और आसपास के कई थानों की पुलिस तथा अतिरिक्त बल मौके पर तैनात किया गया।
.jpg)
इधर, कटिहार पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि युवक एक प्राथमिकी अभियुक्त था, जिसने हिरासत में फांसी लगाने का प्रयास किया और इलाज के दौरान उसकी मौत हुई। वहीं कटिहार एसपी ने इस मामले में फलका थानाध्यक्ष और अनुसंधानकर्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अब फलका चौक और आसपास का इलाका फिलहाल पुलिस छावनी में तब्दील है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को शांत कराने और जाम हटवाने का प्रयास कर रहे हैं। मृतक के स्वजनों ने दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई है।