जन सुराज पार्टी के नेता और यूट्यूबर मनीष कश्यप एक बार फिर कानूनी विवाद में घिर गए हैं। इस बार मामला पश्चिम चंपारण जिले का है, जहां उनके खिलाफ रंगदारी मांगने का केस दर्ज किया गया है।दरअसल, नवलपुर थाना क्षेत्र में पुल निर्माण का काम कर रही एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि मनीष कश्यप ने उनसे 10 लाख रुपये की मांग की थी। आरोप है कि उन्होंने धमकी भी दी थी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो 24 घंटे के अंदर काम बंद करा दिया जाएगा। थानाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश के गोमती नगर निवासी संजीत कुमार सिंह की शिकायत पर मनीष कश्यप समेत अन्य के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई। मनीष कश्यप अपने 10-15 साथियों के साथ मनुआपुल-रतवल मार्ग पर बन रहे पुल के पास पहुंचे थे। वहां उन्होंने निर्माण कार्य में खामियां बताते हुए वीडियो बनाया, गाली-गलौज की और काम रुकवाने की धमकी दी। संजीत ने यह भी बताया कि 20 मार्च को जब वह नवलपुर बाजार सामान खरीदने गए थे, तब कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट भी की।
इस मामले में विशाल गुप्ता, बिट्टू, प्रसाद और राजेंद्र गुप्ता समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाया गया है। वहीं, मामले का दूसरा पक्ष भी सामने आया है। रमेश यादव की मां, मुस्मात फुलंती देवी ने भी शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारियों पर मारपीट और पैसे छीनने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई जानने के लिए जांच जारी है।