द फॉलोअप डेस्क
बिहार में इन दिनों नीतीश कुमार को राजसभा का सदस्य बनने और उनके बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री को लेकर बिहार की राजनीति में तो हलचल तेज है ही। वहीं जदयू पार्टी के वरिष्ठ नेता के. सी. त्यागी को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार त्यागी जी आज नई पार्टी में शामिल हो सकते हैं। हाल ही में उन्होंने खुलासा किया था कि जदयू में उनकी सदस्यता खत्म हो चुकी है और उन्होंने अपनी सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है। मिली जानकारी के अनुसार, वह राष्ट्रीय लोक दल (RLD) का दामन थाम सकते हैं। दिल्ली के मावलंकर हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इसकी औपचारिक घोषणा होने की संभावना है, जिसमें पार्टी प्रमुख जयंत चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले से त्यागी जी नाराज थे।
.jpeg)
दरअसल 1 सितंबर 2024 को उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से भी हटा दिया गया था, जिसके बाद से उनका पार्टी में कद कम होता दिखा। जयंत चौधरी पहले ही त्यागी को अपना पुराना साथी बता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि त्यागी का जुड़ाव चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजित सिंह के साथ रहा है। दोनों नेताओं के बीच हाल के दिनों में बातचीत भी हुई है, जिससे उनके RLD में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। बता दें कि दिल्ली में आयोजित “किसान समृद्धि गोष्ठी” के निमंत्रण पत्र में के.सी. त्यागी और जयंत चौधरी की तस्वीरें साथ-साथ दिखीं, जिसके बाद ऐसा माना जा रहा है कि त्यागी जी RLD में शामिल हो सकते हैं।