नई दिल्ली
नई दिल्ली में संसद के विशेष सत्र के दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन को लेकर पक्ष-विपक्ष में टकराव तेज है। वहीं इंडिया गठबंधन ने बुधवार को महिला आरक्षण फौरन लागू करने का समर्थन करते हुए परिसीमन विधेयक का विरोध करने का निर्णय लिया है। अब ऐसे में यह माना जा रहा है कि आज यानि गुरुवार को संसंद में दोनों पक्षों के बीच जोरदार टकराव देखने को मिल सकता है। दरअसल बुधवार को मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में उनके सरकारी आवास पर इंडिया गठबंधन की अहम बैठक हुई। इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी समेत कुल 19 दलों के नेता शामिल हुए।

विपक्ष ने जताया विधेयक पर आपत्ति
बैठक के बाद खरगे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विपक्ष महिला आरक्षण के पूरी तरह समर्थन में है, लेकिन जिस स्वरूप में यह विधेयक लाया गया है, उसमें कई आपत्ति हैं।इस दौरान खरगे ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को राजनीतिक उद्देश्य से पेश किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी दल हमेशा से महिला आरक्षण के समर्थन में रहे हैं, लेकिन पहले पारित प्रावधानों के आधार पर ही इसे लागू किया जाना चाहिए।

2029 के आम चुनाव से प्रभावी होना चाहिए
वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि महिला आरक्षण को वर्तमान लोकसभा की 543 सीटों के आधार पर लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि इसे वर्ष 2029 के आम चुनाव से प्रभावी किया जाए। जयराम रमेश ने परिसीमन प्रक्रिया को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि इससे दक्षिण भारत, उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र और पूर्वोत्तर राज्यों का प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है। इंडिया गठबंधन ने साफ कर दिया है कि वह महिला आरक्षण का समर्थन करता है, लेकिन परिसीमन विधेयक का विरोध करेगा।