बिहार
शपथ ग्रहण के तुरंत बाद बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्य सचिवालय भवन के सभागार में प्रदेश के वरीय अधिकारियों के साथ मीटिंग की। इस मीटिंग में विभिन्न विभागों के निदेशक और सचिव के अतिरिक्त वरीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। सीएम सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से विभागों के कामकाज से संबंधित ब्रीफिंग ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। गौरतलब है कि मंगलवार की शाम को 4 बजे एनडीए विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद आज ही 11 बजे उन्होंने लोकभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

राज्य को मिले दो डिप्टी सीएम
राज्यपाल ने उनको पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अतिरिक्त आज जेडीयू कोटे से बिजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। 33 मंत्रियों का स्थान फिलहाल रिक्त है। मंत्रिमंडल विस्तार के पश्चात नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जायेगी। नीतीश कुमार अब राज्यसभा सांसद हैं।

नीतीश कुमार ने दी बधाई
दरअसल सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए नीतीश कुमार ने नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने नए मुख्यमंत्री पर विश्वास जताते हुए आगे लिखा कि- मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकसित होगा। साथ ही देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।