द फॉलोअप डेस्क
पटना के जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से पहली बार नवी मुंबई के लिए सीधी (नॉन-स्टॉप) फ्लाइट शुरू हो रही है, जो बिहार और महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी के एक नए अध्याय की शुरुआत करेगी। यह सेवा 29 मार्च से IndiGo द्वारा शुरू की जाएगी और हफ्ते के सातों दिन उपलब्ध रहेगी। अब व्यापार, नौकरी या पढ़ाई के सिलसिले में मुंबई जाने वाले लोगों को बीच के स्टेशनों पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस सीधी सेवा से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि यात्रा भी अधिक आरामदायक और किफायती हो जाएगी। अब यात्रियों को मुंबई जाने के लिए बीच में फ्लाइट बदलने या रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
30 मार्च से पुणे के लिए भी नई फ्लाइट सेवा शुरू होगी। यह फ्लाइट देर रात पटना पहुंचेगी और फिर वापस पुणे के लिए उड़ान भरेगी, जिससे रात में सफर करने वालों को सुविधा मिलेगी। यह उन यात्रियों के लिए बेहद मुफीद साबित होगी, जो दिन भर का काम निपटाकर रात में सफर करना पसंद करते हैं या जिन्हें सुबह जल्दी पुणे पहुंचना होता है। आने वाले दिनों में पटना एयरपोर्ट की बढ़ती कनेक्टिविटी यह दर्शाती है कि भविष्य में बिहार से हवाई यात्रा करने वालों की संख्या में और भी बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।