बक्सर/बिहार
बक्सर जिले में बेटी के ससुराल आए एक वृद्ध पिता की संदिग्ध रुप से मौत होने की सूचना है। नहर में तैरते हुए शव मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना जिले के डुमरांव स्थित खिरौली गांव का है।

चार-पांच दिन पहले आए थे अपनी बेटी के घर
मृतक की पहचान 65 वर्षीय भोला भर के रूप में हुई है। जो नवानगर थाना क्षेत्र के बिचली भरौली के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, मृतक चार-पांच दिन पहले अपनी बेटी ममता के ससुराल आए थे। मंगलवार सुबह भोजन करने के बाद वे किसी काम से घर से बाहर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार द्वारा खोजबीन शुरु की गई। बुधवार को उनका शव गांव के पास स्थित डुमरांव रजवाहा नहर में तैरते हुए पाया गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

परिवार में मचा कोहराम
इधर, मृतक के नाती बिट्टू राय ने बताया कि उनके नाना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे इंग्लिशपुर जाने की बात कहकर निकले थे। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि वे रास्ते में शौच के लिए नहर की ओर गए होंगे, जहां पैर फिसलने के कारण वे गहरे पानी में चले गए होंगे। इसी दौरान डूबने से उनकी मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से मृतक की बेटी ममता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी
स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गंभीरता और मौत की संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर FSL टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।