logo

गोपालगंज में चिकित्सकों ने 70 वर्षीय महिला के पेट से 11 किलो का निकाला ट्यूमर, दी नई जिंदगी

fvreer.jpg

द फॉलोअप डेस्क
चिकित्सा जगत को यूं ही धरती का भगवान नहीं कहा जाता- इस कहावत को गोपालगंज जिले के भोरे प्रखंड के डॉक्टरों ने सच कर दिखाया है। खजुरहां स्थित गिरिजा शंकर हॉस्पिटल में डॉक्टरों की टीम ने 70 वर्षीय महिला के पेट से 11 किलोग्राम का विशाल ट्यूमर सफलतापूर्वक निकालकर उसकी जान बचा ली। इस जटिल सर्जरी की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। परसौनी गांव निवासी केहुली देवी लंबे समय से पेट दर्द और भारीपन की समस्या से परेशान थीं। समय के साथ ट्यूमर का आकार बढ़ता गया। ट्यूमर के कारण उन्हें चलने-फिरने और सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी थी। परिजनों ने कई अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन उन्हें हर जगह पीड़िता की उम्र अधिक होने के कारण डॉक्टर ऑपरेशन करने से मना कर देते थे। 

आखिरकार उन्हें खजुरहां के गिरिजा शंकर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां मुख्य सर्जन डॉ. संदीप कुमार गुप्ता ने केस को गंभीर मानते हुए ऑपरेशन का फैसला लिया। जांच में सामने आया कि ट्यूमर आंतरिक अंगों पर असर डाल रहा है। बहरहाल मंगलवार शाम करीब तीन घंटे चले ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक ट्यूमर निकाल दिया। इस सर्जरी में डॉ. मुकेश जायसवाल, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. संतोष कुमार गुप्ता, ओटी असिस्टेंट शिवशंकर शर्मा और नर्सिंग स्टाफ की अहम भूमिका रही। फिलहाल ऑपरेशन के बाद केहुली देवी की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

Tags - Gopalganj medical success tumor surgery India 11 kg tumor removal Bihar hospital news elderly patient surgery life saving operation India Girija Shankar Hospital Gopalganj complex surgery case India doctors success story Bihar rural healthcare In